West Bengal: ममता ने उड़ाया राहुल गांधी का मजाक, कहा- शिशु क्या होता है जानते हो…

ममता ने कहा कि जिसने जीवन में कभी गरीबी नहीं देखी वह बीड़ी बनाने वाले मजदूरों के साथ बैठकर फोटोशूट कर रहा है। ममता ने फिर दोहराया कि कांग्रेस को जो करना है करें लेकिन बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे और भाजपा को हराएंगे।

259

West Bengal: पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) लड़ने की घोषणा कर चुकीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अगुवाई के सिलसिले में बंगाल में मौजूद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का मजाक ममता बनर्जी ने 2 फ़रवरी को उड़ाया है। 1 फ़रवरी को राहुल गांधी ने मुर्शिदाबाद (Murshidabad) में बीड़ी बना रही महिला के साथ बैठकर बातचीत की थी और बच्चे को दुलारा था। इस पर 2 फ़रवरी को राहुल गांधी का मजाक बनाते हुए ममता ने कहा कि जीवन में कभी उसने बीड़ी बांधा है? शिशु क्या होता है यह भी उसको नहीं पता होगा।

मजदूरों के साथ बैठकर किया फोटोशूट
ममता ने कहा कि जिसने जीवन में कभी गरीबी नहीं देखी वह बीड़ी बनाने वाले मजदूरों के साथ बैठकर फोटोशूट कर रहा है। ममता ने फिर दोहराया कि कांग्रेस को जो करना है करें लेकिन बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे और भाजपा को हराएंगे। ममता ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि एक नया फैशन चल पड़ा है। केवल फोटोशूट के लिए कुछ भी कर लो। बच्चों को पुचकार रहा है। उसे तो यह भी नहीं पता होगा कि शिशु क्या होता है। ममता 2 फ़रवरी को केंद्र के खिलाफ कोलकाता के बी. आर. अंबेडकर मूर्ति के पास धरने पर बैठी हैं। यहीं से कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मैंने प्रस्ताव दिया था कि आप लोग पूरे देश में 300 सीटों पर लड़िए, बाकी 243 सीटें क्षेत्रीय दलों को दे दीजिए लेकिन उन्होंने नहीं सुनी।

ममता के साथ गठबंधन की आस
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर हैं। बावजूद इसके राहुल गांधी ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन की आस नहीं छोड़ी है। 2 फ़रवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का बंगाल में आखिरी दिन था। इस सफर को लेकर पार्टी की ओर से एक वीडियो शूट कर उसे शेयर किया गया है। राहुल गांधी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये वीडियो शेयर किया है जिसमें कई लोग उनसे सवाल पूछ रहे हैं। इसमें से कुछ युवाओं ने उनसे ममता बनर्जी के साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर सवाल पूछा है। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा है कि ममता बनर्जी ने यह नहीं कहा है कि वह इंडी गठबंधन से अलग हैं। हम भी ये नहीं कह रहे हैं। कुछ ना कुछ समाधान होगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.