Delhi: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि महिला सम्मान योजना को लेकर नेता प्रतिपक्ष आतिशी सहित अन्य आम आदमी पार्टी नेताओं की दैनिक बयानबाजी उनकी राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान में कहा कि आआपा नेता भलीभांति जानते हैं कि जो दो सीएजी की रिपोर्ट सामने आईं हैं। वह आआपा संयोजक अरविंद केजरीवाल एवं उनके प्रमुख साथियों की लंबी जेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए काफी है और ऐसे में अपने भ्रष्टाचार से जुड़ी सीएजी रिपोर्टों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए आआपा नेता हर दिन महिला सम्मान योजना पर नौटंकी कर रहे हैं।
पत्राचार केवल राजनीतिक दिखावा
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आतिशी का महिला सम्मान योजना को लेकर पत्राचार केवल राजनीतिक दिखावा है। आतिशी को महिलाओं की सच्ची चिंता है, तो वह बताएं कि उनकी पार्टी ने पंजाब में 37 महीने से महिला सम्मान राशि क्यों नहीं दी? दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तीकरण एवं महिला सम्मान योजना के प्रति कृतसंकल्पित है और हम शीघ्र दोनों को पूरा करेंगे।