बजट सत्र के पहले चरण में लोकसभा में हुआ कितना कामकाज, ओम बिरला ने दी जानकारी

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह परम्परा हमारे लोकतंत्र को सशक्त बनाती है। ऐसे समृद्ध संवाद से संसदीय प्रणाली भी और मजबूत होती है।

106

 लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 11 फरवरी को कहा कि संसद के बजट सत्र के पहले चरण में सदन में 121 प्रतिशत कामकाज हुआ।

बिरला ने सदन में कामकाज का ब्यौरा देते हुए कहा कि बजट सत्र के प्रथम चरण में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही और सकारात्मक सहयोग मिला। कोरोना संक्रमण की चुनौतियों के बावजूद सदस्यों ने सदन में देर रात तक कार्य करते हुए अपने संवैधानिक दायित्वों को प्रतिबद्धता के साथ निभाया, जिससे 121 प्रतिशत की उच्च कार्य उत्पादकता प्राप्त हुई।

उन्होंने बताया कि सदन में माननीय राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के लिए आवंटित 12 घंटे के समय के स्थान पर 15 घंटे 13 मिनट चर्चा हुई, जिसमें 60 सदस्यों ने भाग लिया। 60 अन्य सदस्यों ने अपने वक्तव्य सभा पटल पर रखे।

बिरला ने आगे कहा कि आम बजट पर सामान्य चर्चा के लिए आवंटित 12 घंटे के स्थान पर कुल 15 घंटे 33 मिनट चर्चा हुई ,जिसमें 81 माननीय सदस्यों ने भाग लिया। 63 अन्य सदस्यों ने अपने वक्तव्य सभा पटल पर रखे। इस दौरान सभी सदस्यों ने सदन को संचालित करने में अपना सकारात्मक सहयोग दिया तथा सभी विषयों पर व्यापक चर्चा-संवाद हुआ।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह परम्परा हमारे लोकतंत्र को सशक्त बनाती है। ऐसे समृद्ध संवाद से संसदीय प्रणाली भी और मजबूत होती है। देश के नागरिकों का भी लोकतांत्रिक संस्थाओं में भरोसा और विश्वास बढ़ता है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.