उप्र चुनाव परिणामः जानिये, धर्म नगरी अयोध्या, काशी और मथुरा में किसका बजा डंका

उप्र का दोबारा मुख्यमंत्री बनते ही योगी आदित्यनाथ नोएडा के अंधविश्वास को भी तोड़ने में सफल हो गए जाएंगे। पिछले कुछ दशकों से एक अंधविश्वास या मिथक चल रहा है कि जो मुख्यमंत्री नोएडा जाता है, वह दोबारा मुख्यमंत्री की शपथ नहीं ले पाता है।

111

उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रचंड जीत के साथ दोबारा सत्ता में वापसी की है। अब तक घोषित परिणामों में भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ 273 सीटों पर जीत हासिल की है और 125 सीटों पर जीत प्राप्त की है।

चुनाव आयोग द्वारा अब तक घोषित नतीजों के अनुसार भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मभूमि गोरखपुर, कृष्ण नगरी मथुरा और लखीमपुर खीरी सहित कई जिलों में क्लीन स्वीप किया है। मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर शहर सीट से एक लाख दो हजार मतों से सपा उम्मीदवार को हराया है।

भाजपा ने वाराणसी में 2017 के नतीजों को दोहराते हुए वहां की सभी आठों विधानसभा सीटों पर कब्जा कर लिया है। वाराणसी उत्तरी से रवींद्र जायसवाल (मंत्री), वाराणसी दक्षिण से डॉ नीलकंठ तिवारी (मंत्री), वाराणसी कैंट से सौरभ श्रीवास्तव, शिवपुर से अनिल राजभर (मंत्री), पिंडरा से डॉ अवधेश सिंह, सेवापुरी से नील रतन सिंह पटेल, अजगरा से टी. राम और रोहनियां से सुनील पटेल (अद-एस) ने जीत हासिल की है।

उधर, कृष्ण नगरी मथुरा जनपद की भी सभी सीटों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मथुरा सदर सीट पर अपनी ही जीत का रिकॉर्ड तोड़ा है। इसके अलावा गोवर्धन से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर मेघश्याम, मांट से राजेश चौधरी, छाता से सरकार के मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण और बलदेव सीट से पूरन प्रकाश ने भगवा परचम लहराया है।

भाजपा ने 2017 के चुनाव में राम नगरी अयोध्या की भी सभी पांचों सीटों पर कब्जा किया था, लेकिन इस बार उसे वहां तीन सीट पर ही संतोष करना पड़ा है। दो सीटें सपा के कब्जे में चली गई है। अयोध्या विधानसभा सीट से वेदप्रकाश गुप्ता ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। रुदौली से भाजपा के रामचंद्र यादव ने लगातार तीन बार चुनाव जीतकर हैट्रिक लगाई है। बीकापुर से भाजपा के अमित कुमार सिंह चुनाव जीते हैं। वहीं सपा से अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर और अभय सिंह ने गोसाईगंज विधानसभा सीट जीती है।

योगी बनाया रिकॉर्ड
-अब तक आए चुनावी नतीजों के आधार पर भाजपा उप्र में दोबारा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। ऐसे में यदि योगी आदित्यनाथ विधायकी जीतकर दोबारा मुख्यमंत्री बनते हैं तो वह एक साथ कई रिकॉर्ड बनाएंगे। करीब 37 साल बाद मुख्यमंत्री रहते हुए वे दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे। इससे पहले वर्ष 1985 में नारायण दत्त तिवारी मुख्यमंत्री रहते हुए लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बने थे।

-इसी तरह गोरखपुर जिले से बतौर मुख्यमंत्री विधानसभा का चुनाव जीतने वाले योगी आदित्यनाथ पहले नेता हैं। इससे पहले वर्ष 1971 में त्रिभुवन नारायण सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए गोरखपुर जिले से चुनाव लड़ा था लेकिन वे हार गये थे।

तोड़ा यह अंधविश्वास
इसके अलावा, उप्र का दोबारा मुख्यमंत्री बनते ही योगी आदित्यनाथ नोएडा के अंधविश्वास को भी तोड़ने में सफल हो गए जाएंगे। दरअसल, पिछले कुछ दशकों से एक अंधविश्वास या मिथक चल रहा है कि जो मुख्यमंत्री नोएडा जाता है, वह दोबारा मुख्यमंत्री की शपथ नहीं ले पाता है। इसी अंधविश्वास के चलते वर्ष 2012 में नोएडा से ही अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करने वाले सपा मुखिया अखिलेश यादव जब प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो पूरे कार्यकाल में वह एक बार भी नोएडा नहीं गये। यह मिथक 1988 में उस समय प्रारम्भ हुआ, जब बतौर मुख्यमंत्री नोएडा से लौटते के कुछ समय बाद ही वीर बहादुर सिंह को मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। बाद में नारायण दत्त तिवारी को भी नोएडा दौरे के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी गंवानी पड़ी थी। इसके बाद कई मुख्यमंत्रियों ने नोएडा जाने से परहेज किया, लेकिन योगी आदित्यनाथ इस अंधविश्वास को खारिज करते हुए अपने कार्यकाल के दौरान कई बार नोएडा गये।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.