इसलिए संजय राऊत के पत्र की सीबीआई जांच जरुरी, भाजपा ने की मुख्यमंत्री से मांग!

94

शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत के पत्र की जांच सेंट्रल इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग भारतीय जनता पार्टी के मुंबई महासचिव मोहित कंबोज ने की है।

मोहित कंबोज ने 15 मार्च को पत्रकारों को बताया कि संजय राऊत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 13 पन्ने का पत्र लिखकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है।

देरी से शिकायत पर शक
भाजपा नेता ने कहा कि राऊत ने इस मुद्दे पर इतनी देरी से क्यों शिकायत की। वे खुद राज्यसभा सदस्य हैं लेकिन जब उन्होंने इसकी शिकायत की है तो यह मामला ईडी से जुड़ा है, इसलिए मामले की जांच मुंबई पुलिस का आर्थिक विभाग सही तरीके से नहीं कर सकेगा। इसी वजह से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इस मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंप देनी चाहिए।

कंबोज का आरोप
मोहित कंबोज ने कहा कि संजय राऊत ने इस मामले में जिन लोगों का नाम लिया है, उनमें से कई जेल में हैं। साथ ही कई लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। कंबोज ने संजय राऊत की मंशा पर शक व्यक्त करते हुए कहा कि जिन लोगों पर ईडी ने कार्रवाई नहीं की है, कहीं उनपर कार्रवाई के नाम पर वसूली करने का इरादा तो नहीं है, इसकी भी जांच जरूरी है।

राऊत का आरोप
बता दें कि संजय राऊत ने शिवसेना भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर ईडी के वरिष्ठ अधिकारी जीतेंद्र नवलानी पर जांच के नाम पर करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूली का आरोप लगाया था। राऊत ने उस समय पत्रकारों को बताया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री को ईडी अधिकारियों की ओर से हो रही वसूली की जानकारी दी है और इस पर किस तरह की कार्रवाई की जाती है, इसका वे इंतजार कर रहे हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.