अडाणी को कहा जाने लगा ‘सेंटी बिलियनेर’, जानिये क्या है इसका अर्थ?

123

भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी 100 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। कुछ समय पहले ही अक्टूबर 2021 में रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति भी 100 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई थी, लेकिन फिलहाल शेयर बाजार की उठापटक के कारण मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 100 अरब डॉलर के स्तर से नीचे आ गई है। 100 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति का स्तर हासिल करने के साथ ही गौतम अडाणी दुनिया के टॉप 10 रईसों की सूची में भी शामिल हो गए हैं। उन्हें सेंटी बिलियनेर कहा जाने लगा है।

उल्लेखनीय है कि 100 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के स्तर को हासिल करने वाले लोगों को सेंटी-बिलियनेर कहां जाता है। इस तरह गौतम अडाणी भी दुनिया के टॉप रईसों की इस सेंटी-बिलियनरीज क्लब में शामिल हो गए हैं। फिलहाल इस सेंटी-बिलियनरीज क्लब में दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति एलन मस्क को मिलाकर कुल 10 रईसों के नाम शामिल हैं, जिसमें गौतम अडाणी का नाम दसवें पायदान पर है।

अव्वल हुए अडाणी, नंबर टू अंबानी
ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के टॉप रईसों की सूची में गौतम अडाणी 100 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दसवें स्थान पर हैं, जबकि रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक स्थान नीचे फिसल कर 11 में पायदान पर आ गए हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक मुकेश अंबानी की संपत्ति 99 अरब डॉलर है। इस तरह गौतम अडाणी मुकेश अंबानी से व्यक्तिगत दौलत के मामले में एक अरब डॉलर आगे निकल गए हैं।

वर्ष 2022 में कमाई अधिक संपत्ति
बिलियनरीज इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में इस साल 23.5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। सिर्फ शुक्रवार यानी एक अप्रैल को ही शेयर बाजार से मिले जबरदस्त सपोर्ट के कारण अडाणी की संपत्ति में 2.44 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं बात अगर मुकेश अंबानी की करें तो इस साल मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में अभी तक 9.03 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में आई तेजी का फायदा मुकेश अंबानी को भी मिला, लेकिन उनकी व्यक्तिगत संपत्ति में शुक्रवार को सिर्फ 7,900 लाख डॉलर का ही इजाफा हो सका।

दुनिया हो गई पीछे
इस साल कमाई के मामले में गौतम अडाणी ने दुनिया भर के सभी रईसों को काफी पीछे छोड़ दिया है। पिछले सप्ताह तक व्यक्तिगत कमाई के मामले में वारेन बफेट गौतम अडाणी से आगे चल रहे थे। लेकिन ब्लूमबर्ग के आज के आंकड़ों से साफ है अडाणी बफेट से भी आगे निकल गए हैं। शेयर बाजार में आने वाले उतार-चढ़ाव की वजह से इस साल एक अप्रैल तक वारेन बफेट की व्यक्तिगत संपत्ति में 18.3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। जबकि गौतम अडाणी 23.5 अरब डॉलर की कमाई करके बफेट समेत दुनिया भर के टॉप रईसों के में सबसे आगे निकल गए हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.