महाराष्ट्र में मंत्री बनाने के लिए किसने मांगे 100 करोड़? जानिये, इस खबर में

महाराष्ट्र में तीन विधायकों से कैबिनेट में मंत्री पद दिलाने के नाम पर 100 करोड़ रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।

102

महाराष्ट्र में इन दिनों सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई सरकार में किसे मंत्री पद मिलेगा। इस बीच तीन विधायकों से कैबिनेट में मंत्री पद दिलाने के नाम पर 100 करोड़ रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रियाज अलाबक्श शेख (कोल्हापुर), योगेश मधुकर कुलकर्णी (पांचपाखाड़ी, ठाणे ), सागर विकास संगवाई (ठाणे) और जफर अहमद राशिद अहमद उस्मानी (नागपाड़ा, मुंबई ) के रूप में हुई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन लोगों ने और कितने विधायकों को ठगा है।

3 विधायकों को ठगने का प्रयास
प्रदेश में नई सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। कई विधायक मंत्री पद पाने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास नंदनवन और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास सागर बंगले के चक्कर लगा रहे हैं। इसका फायदा उठाकर चार लोगों ने मंत्री पद दिलाने के नाम पर 3 विधायकों को ठगने की कोशिश की।

ओबेरॉय होटल में विधायकों से की मुलाकात
इन आरोपियों ने पहले विधायकों को फोन कर कहा कि वे दिल्ली से आए हैं और वरिष्ठ मंत्रियों ने उनके बायोडाटा मांगे हैं। इसके बाद आरोपियों ने विधायकों से फोन पर दो-तीन बार बात कीत तथा कहा कि अगर मंत्री पद चाहिए तो उन्हें 100 करोड़ रुपये देने होंगे। फोन पर बातचीत के बाद आरोपी ने 17 जुलाई को ओबेरॉय होटल में विधायकों से मुलाकात भी की।

एडवांस में मांगे 20 करोड़
आरोपियों ने कहा कि मंत्री बनने के लिए उन्हें 100 करोड़ का भुगतान करना होगा, जिसमें से 20 करोड़ पहले देना होगा और शेष का भुगतान पद की शपथ लेने के बाद करना होगा। आरोपियों ने विधायकों को नरीमन प्वाइंट पर मिलने के लिए बुलाया, जिसके बाद वे उन्हें पैसे लेने के लिए ओबेरॉय होटल ले गए।

जाल बिछाकर गिरफ्तारी
इस मामले की शिकायत मिलने पर मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने जाल बिछाकर पहले एक आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान 3 और आरोपियों के नाम सामने आए। बाद में उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.