सोलापुरः रोडवेज बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत गंभीर

सोलापुर जिले में 24 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 10 बजे राज्य सड़क परिवहन निगम की बस पलट गई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए सहायता देने की घोषणा की है।

117

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के अक्कलकोट-मिंडार्गी रोड पर देशमुख फार्म के पास 24 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 10 बजे राज्य सड़क परिवहन निगम की बस पलट गई। इसमें सवार 20 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अक्कलकोट ग्रामीण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिसमें पांच यात्रियों की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सोलापुर अस्पताल के लिए रेफर किया गया। मामले की छानबीन अक्कलकोट पुलिस थाने की टीम कर रही है।

गंभीर रूप से घायल यात्री सोलापुर रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं अक्कलकोट के विधायक सचिन कल्याणशेट्टी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। विधायक कल्याणशेट्टी के अनुसार ग्रामीण अस्पताल में दो डॉक्टर मौजूद थे। घायलों की संख्या को देखते हुए, निजी डॉक्टरों को तुरंत बुलाया गया। गंभीर रूप से घायलों को सोलापुर के लिए रेफर किया गया

 मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की मदद
सोलापुर-गंगापुर एसटी बस में अक्कलकोट के पास सुबह हुई दुर्घटना का मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संज्ञान लिया है।प्रशासन को दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को तत्काल अक्कलकोट या आसपास के अस्पतालों में शिफ्ट करने और सरकारी खर्च पर उचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए सहायता देने की घोषणा की है। दुर्घटना होते ही मुख्यमंत्री ने सोलापुर कलेक्टर, एसटी निगम व पुलिस से जानकारी ली और घायलों व अन्य यात्रियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.