जी20 की बैठकः जानिये, वर्ष 2023 में कितने विदेशी पर्यटकों के भारत आने का है अनुमान

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने आजादी के अमृत महोत्सव के एक भाग में 'यूथ टूरिज्म क्लब' की स्थापना की है।

320

केन्द्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने 16 फरवरी को कहा कि जी20 की बैठकों के मद्देनजर इस वर्ष एक करोड़ विदेशी पर्यटकों के भारत आने का अनुमान है।

राजधानी के अशोका होटल में पत्रकार वार्ता संबोधित करते हुए किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्ग दर्शन में “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ जिस प्रकार देश विकास की नई उड़ान भर रहा है, उसी तरह पर्यटन क्षेत्र भी लगातार नई उपलब्धियों को प्राप्त कर रहा है।

कोरोना का पड़ा काफी प्रभाव
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में 76.8 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए थे और वहीं 2019 में कोरोना से पहले यह संख्या 1.09 करोड़ हो गई, कोरोना में पर्यटन सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र रहा। इस दौरान विदेशी सैलानियों की संख्या 61 लाख हो गई। साल 2023 में हमारा लक्ष्य इसे एक करोड़ करने का है।

व्यापार और पर्यटन में भारी बढ़ोतरी
केन्द्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बताया कि भारत में घरेलू पर्यटन भी लगातार बढ़ रहा है। 2022 में पहली बार जम्मू और कश्मीर में 1.84 करोड़ पर्यटक आए। धारा 370 हटने से वहां शांति स्थापित हुई है, जिसके कारण व्यापार और पर्यटन में भारी बढ़ोतरी हुई है। जनवरी 2020 में लेह में हर हफ्ते औसतन 74 उड़ानें भरी गईं, जो अक्टूबर 2022 में 160 हो गईं। इसी तरह, जनवरी 2020 में श्रीनगर में हर हफ्ते औसतन 304 फ्लाइट थी, जो अक्टूबर 2022 में 632 हो गई हैं।

बुनियादी ढांचे का विकास
किशन रेड्डी ने कहा कि इसका मुख्य कारण बुनियादी ढांचे का विकास है। पर्यटन मंत्रालय स्वदेश दर्शन और प्रसाद योजनाओं पर काम कर रहा है। स्वदेश दर्शन योजना के तहत 15 थीम टूरिस्ट सर्किट के विकास की पहचान की गई है। इस योजना में कुल 5315.59 करोड़ रुपये की मंजूरी हुई है, जिनमें कुल 76 परियोजनाएं हैं और अभी तक 59 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।

50 लाइव दर्शन उपलब्ध
पर्यटन मंत्री ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है। हर राज्य, हर क्षेत्र और हर धर्म के लोगों के अलग-अलग उत्सव हैं। हमारे त्योहारों और उत्सवों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले, इसके लिए पर्यटन मंत्रालय ने उत्सव पोर्टल लॉन्च किया। अभी तक इस पोर्टल पर 1000 से अधिक कार्यक्रम और 50 लाइव दर्शन उपलब्ध हैं। यह डिजिटलाइजेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विजिट इंडिया 2023 कैंपेन भी शुरू
उन्होंने बताया कि जहां जी20 बैठकें निर्धारित और आयोजित करने की योजना बनी है, वहां पर्यटकों को मंत्रालय नया अनुभव प्रदान कराने के लिए पर्यटक गाइड, टैक्सी ड्राइवर, फेरीवाले, मंदिरों के पुजारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों को प्रशिक्षण दे रहा है। जी20 की तैयारी, मार्केटिंग और प्रशिक्षण हेतु, पर्यटन मंत्रालय सभी 56 गंतव्यों में अतुल्य भारत की ब्रांडिंग और प्रचार में लगा हुआ है। इस कड़ी में विजिट इंडिया 2023 कैंपेन भी शुरू हुआ है।

यूथ टूरिज्म क्लब की स्थापना
पर्यटन मंत्रालय ने आजादी के अमृत महोत्सव के एक भाग में ‘यूथ टूरिज्म क्लब’ की स्थापना भी की है। साथ ही जनवरी 2020 में ‘देखो अपना देश’ अभियान की शुरुआत की थी। इस पहल के तहत मंत्रालय हित धारकों से जुड़े रहने और लोगों को देश में यात्रा करने के लिए प्रेरित करता है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.