पंचर कर दी सपा की साइकिल, उन पांच को बाहर करेंगे अखिलेश यादव?

सपा के किले में अभी ही सेंध लग गई है। जबकि अभी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होने हैं। इके पहले अपना कुनबा सही करने में सपा लग गई है।

89

चाचा शिवपाल सिंह यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को गठबंधन से बाहर का रास्ता दिखाने के बाद अब बारी सपा विधायकों की है। राष्ट्रपति चुनाव में पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इसको लेकर अब समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव अपने उन पांच विधायकों को ढूंढ रहे हैं। जिनमें से दो का पता चल गया है, जिन्हें सपा की साइकिल से उतारा जा सकता है।

उनका चला पता
उल्लेखनीय है कि, शिवपाल सिंह यादव सहित पार्टी के छह विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया है। इनमें से द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में ऐलान कर वोट डालने वाले शिवपाल सिंह से अखिलेश यादव ने निजात पा ली है। सपा नेताओं के अनुसार, अखिलेश यादव के निर्देश की अनदेखी कर एनडीए प्रत्याशी को वोट देने वाले सपा के पांच विधायकों में दो विधायकों के नाम पार्टी नेतृत्व ने पता कर लिए हैं। इनमें एक पश्चिमी यूपी के हैं तो दूसरे पूर्वी यूपी के हैं। दोनों मंत्री भी रह चुके हैं। बाकी तीन के नाम पता करने के लिए पार्टी अपने स्तर से प्रयास कर रही है।

बुलाई विशेष बैठक
मंगलवार को अखिलेश यादव ने पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के उन पांच विधायकों पर कार्रवाई करने के लिए विचार विमर्श किया जाएगा, जिन्होंने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। इन विधायकों पर क्या एक्शन लिया जाए? यह पार्टी विधायकों की राय जानने के बाद तय किया जाएगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.