Ahmedabad: भारतीय किसान संघ के तीन दिवसीय 14वें अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष और महामंत्री का निर्वाचन किया गया। देशभर से आये प्रतिनिधियों ने निर्वाचन अधिकारी अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी की उपस्थिति में तेलंगाना के के. साई रेड्डी को अखिल भारतीय अध्यक्ष व ओडिशा के मोहिनी मोहन मिश्रा को अखिल भारतीय महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया।
गुजरात प्रांत के अहमदाबाद के पालनपुर में स्थित सरदार कृषिनगर दांतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयाेजित भारतीय
किसान संघ के अखिल भारतीय अधिवेशन के इस सत्र में अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि वर्ष 2047 की विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण करने के लिए गौ कृषि वाणिज्यम् के साथ कृषि अनुकूल तकनीकी को अपनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है। देश की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा हिस्सा कृषि का है, इसलिये समग्र विकसित भारत के निर्माण में कृषि व किसान पर बड़ा उत्तरदायित्व है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने कहा कि हमारे लिये देश हित की चौखट पर किसान हित है। हम भाषावाद, जातिवाद, प्रांतवाद से दूर हैं, क्योंकि हम भारत माता की जय बोलते हैं। अगले तीन वर्ष का रोडमैप तैयार कर किसान संघ को काम करना होगा।
60 हजार गांवों में 42 लाख किसान हैं सदस्य
भारतीय किसान संघ के अधिवेशन में प्रस्तुत सदस्यता वृत्त के अनुसार 60 हजार गांवों में किसान संघ की सक्रिय ग्राम समिति बनी है। इन ग्राम समितियों के माध्यम से 42 लाख किसानों को देशभर में भारतीय किसान संघ ने सदस्य बनाया है।
अधिवेशन में दो प्रस्ताव पारित
किसान संघ के अधिवेशन में ’’जैविक खेती एक जिम्मेदारी’’ और ’’समग्र ग्रामीण की दिशा में कृषि मनुष्य बल का उचित प्रबंधन’’ प्रस्ताव पारित किये गये। जिसमें देशभर के सभी किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया गया। दूसरे प्रस्ताव में नीतियों में सुधार व बदलाव करते हुये कृषि उत्पादन, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, भंडारण, विपणन वाणिज्य, लघु कुटीर, ग्राम उद्योग, हस्तकला के आयामों, ग्राम स्वावलंबन के विचार को मजबूत करने की बात कही गई है। जिससे देश के गांव समृद्धशाली जीवन खड़ा कर सके।
पालनपुर तक निकली शोभायात्रा रैली
भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन सरदार कृषिनगर दांतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय से पालनपुर तक ट्रैक्टर पर शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें विभिन्न राज्यों से आये किसान संघ के पदाधिकारी अपनी स्थानीय वेशभूषा में शामिल हुये। शोभायात्रा में ‘गौ आधारित प्राकृतिक खेती’ और ‘जहर नहीं जैविक चाहिये’ का संदेश देते हुये बैनर ट्रैक्टर ट्राॅलियों में लगाये गये थे।
गौ आधारित प्राकृतिक खेती का किसानों को दिया प्रशिक्षण
देशभर से अधिवेशन में शामिल हुए किसानों ने सरदार कृषिनगर दांतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आरएम चौहान के सहयोग से विभिन्न विभागों का भ्रमण किया। जिसमें समेकित कृषि प्रणाली, गौ आधारित जैविक खेती, जैविक खाद, प्रसंस्करण, पशुपालन, बीज तैयार करने के सफल माडलों का अवलोकन कराकर जानकारी दी गई। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने हजारों की तादाद में मौजूद किसानों को तकनीकी सत्र में उन्नत कृषि तकनीकियों व प्राकृतिक खेती के लाभ के बारे में अवगत कराया।
महिला किसानों की रही उपस्थिति
किसान संघ के अधिवेशन में महिला किसानों की भारी संख्या में उपस्थिति रही। देशभर के विभिन्न प्रांतों से शामिल महिला किसान अपने अपने प्रांतों की विशेष वेशभूषा में उपस्थित रही। गौ आधारित प्राकृतिक खेती की ट्रैक्टर पर निकली शोभायात्रा का नेतृत्व भी महिला किसानों द्वारा स्वयं ट्रैक्टर चलाकर किया गया।
कार्यकारिणी की गई घाेषित
अधिवेशन के दौरान अध्यक्ष व महामंत्री ने किसान संघ की कार्यकारिणी घोषित की। कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष टी पेरूमल, राम भरोस वासोतिया, विशाल चंद्राकर, सुशीला विशनोई को चुना गया। अखिल भारतीय मंत्री बाबू भाई पटेल, डॉ सोमदेव शर्मा, भानु थापा, वीणा सतीश कोषाध्यक्ष युगलकिशोर मिश्र, संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, सह संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, जैविक प्रमुख नाना आखरे, महिला संयोजिका मंजू दीक्षित, कार्यालय प्रमुख चंद्रशेखर, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र सिंह पटेल को घोषित किया गया।
कार्यकारिणी सदस्य के रूप में बद्रीनारायण चौधरी, आई एन बसवेगौड़ा, हुकुमचंद पाटीदार, धर्मपाल सिंह ठाकुर, ई नारायण कुट्टी, रतन लाल डागा, प्रमोद चौधरी, कुमार स्वामी, मणिलाल लबाना, भगतराम पटियाल, भवन विक्रम डबराल, कुरूसार तिमुंग, इंदूभूषण जी, हरपाल सिंह डागर, डॉ मकरंद करकरे, सर्वजीत सिंह, कैलाश गिंदौलिया, पूरनचंद, प्रशांत खाखा, केदार मिश्र, कल्याण कुमार मंडल, श्रीधर रेड्डी, सुरेश चंद्रवंशी, दादा लाड, तकाली तामुल, कपिला मुठे, चंद्रकला चौहान, चंद्रकात गौर, खेलन सहारे, प्रकाशनारायण तिवारी नियुक्त किये गये।
Join Our WhatsApp Community