बिहारः रालोसपा का जेडीयू में विलय! जानिये…. क्या गुल खिलाएगी नीतीश-उपेंद्र की जोड़ी

रालोसपा का जेडीयू में फिर से विलय हो गया है। इससे भविष्य में दोनों ही पार्टियों को राजनैतिक लाभ मिलने की संभावना है।

113

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी का आखिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में फिर से विलय हो गया। पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा जेडयू से ही अलग होकर तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल हुए थे। लेकिन ऐन विधानसभा चुनाव से पहले 2020 में वे महगठबंधन से भी अलग हो गए थे। हालांकि चुनाव से पहले उन्होंने नीतीश कुमार की तारीफ कर वापस लौटने का संकेत दिया था, लेकिन नीतीश ने कुशवाहा को कोई भाव नहीं दिया था। मन मारकर कुशवाहा को छोटी पार्टियों को मिलाकर एक गठबंधन बनाना पड़ा था और चुनाव मैदान में उतरना पड़ा था।

कुशवाहा के साथ ही नीतीश कुमार को भी लगा झटका
2020 के विधानसभा चुनाव में कुशवाहा को बड़ा झटका लगा था और उनकी पार्टी रालोसपा को एक भी सीट नहीं मिली थी। वहीं जेडीयू को भी बड़ा झटका लगा था, और वह मात्र 43 सीटों पर जीतने में सफल हो पाई थी। 2015 के विधानसभा चुनाव में उसे 71 सीटों पर जीत मिली थी। इस चुनाव में झटका खाने के बाद नीतीश कुमार भी बैकफुट पर आ गए थे और भाजपा 74 सीटों पर जीत कर छो़टे भाई से बड़े भाई की भूमिका में आ गई।

भाजपा ने दिखाया बड़प्पन
भाजपा ने बड़प्पन दिखाते हुए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाए रखा लेकिन झटका लगने के बाद चुनाव खत्म होने के बाद से ही वे अपनी पार्टी की ताकत बढ़ाने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में उपेंद्र कुशवाहा का जेडीयू में विलय कर उन्होंने पार्टी की ताकत बढ़ाई है।

ये भी पढ़ेंः बिहारः जानिये…. विधानसभा चुनाव के बाद छोटी पार्टियों को कैसे लग रहा है झटका?

दोनों के लिए फायदे का सौदा
बता दें कि कुशवाहा ने जेडीयू से बाहर आने के बाद नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार समेत कई तरह के आरोप लगाए थे। लेकिन नीतीश कुमार ने उन्हें फिर से गले लगाया है तो इसके पीछे भावनाओं के साथ ही राजनैतिक वजह भी है। अप्रैल में प्रदेश में ग्राम पंचायत होने हैं और इस चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा के आने से उनकी पार्टी की स्थिति मजबूत होगी। लव-कुश( कुर्मी-कोइरी) के इस समीकरण का लाभ भविष्य में भी नीतीश कुमार के साथ ही उपेंद्र कुशवाहा को मिलता रहेगा। निश्चित रुप से ये दोनों के लिए फायदे का सौदा साबित होगा

भाजपा को भी फायदा
भाजपा के लिए भी यह ज्यादा चिंता की बात नहीं है। एनडीए का हिस्सा होने के कारण उसे भी जातीय समीकरण से फायदा होगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.