भाजपा सरकारें जिम्मेदार और प्रो-एक्टिव, मप्र में कांग्रेस पर बरसे नड्डा

करगिल का चैप्टर कमलनाथ की सरकार ने बच्चों के सिलेबस से निकल दिया था, इस तरह का काम कमलनाथ ने अपने कार्यकाल में किया था। ये हमारी सेना का अपमान है और अब नवंबर में आपको कमलनाथ का ही चैप्टर गायब कर देना है।

181

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने संस्कृति और रीति-नीति को बदल डाला। नौ साल पहले भारत का नाम भ्रष्टाचारी देशों में आता था। लेकिन नौ साल बाद हम ब्रिटेन को पछाड़ कर पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गए हैं। देश और प्रदेश की भाजपा सरकारें जिम्मेदार और प्रो-एक्टिव सरकार हैं। मध्य प्रदेश में बीच में कांग्रेस की सरकार आई तो उसने विकास की गंगा रोक दी थी। भाजपा अध्यक्ष नड्डा शुक्रवार को मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान खरगोन में नवग्रह मेला मैदान पर भाजपा नेतृत्व वाले केंद्र सरकार के नौ साल पूरा होने पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कांग्रेस ने किया सेना का अपमान
जनसभा में भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के समय में हुए भष्ट्राचार को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि करगिल का चैप्टर कमलनाथ की सरकार ने बच्चों के सिलेबस से निकल दिया था, इस तरह का काम कमलनाथ ने अपने कार्यकाल में किया था। ये हमारी सेना का अपमान है और अब नवंबर में आपको कमलनाथ का ही चैप्टर गायब कर देना है। एक तरफ कमलनाथ आपका मकान छीनता है दूसरी तरफ शिवराज आपको डबल देता है। लाडली लक्ष्मी योजना का पैसा खाते में मिलता है कि नहीं? कमलनाथ ने योजना बंद कर दी थी। अब भावांतर में सबसे ज्यादा रेट मिल रहा है।

जनता मोदी के साथ
उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता मोदी जी के साथ खड़ी है और मोदी को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने सपा, टीएमसी, आरजेडी समेत अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी में सिर्फ नेताओं के बच्चे ही आगे आ सकते हैं। पार्टी भी परिवार की है, बाकी सब पेरोल पर हैं। नड्डा ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि वे विदेश में बोलते हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। राहुल गांधी की दादी ने इमरजेंसी लगाई थी और लोगों को जेल में डाला था। आज जब प्रधानमंत्री मोदी विदेश जाते हैं तो राष्ट्रीय सम्मान नहीं राजकीय यात्रा भी होती है। आज विदेशों के साथ चर्चा होती है कि दोनों देश कैसे मिलकर विकास का काम कर सकते हैं।

बताया नौ साल का विकास
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नौ साल में 14 मेडिकल कॉलेज खोले हैं। मध्य प्रदेश में बीते 9 साल में हाइवे बनाने के लिए 27 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इंदौर और भोपाल में बन रही नई मेट्रो लाइन के काम को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। देवास में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। डबल इंजन की सरकार विकास की दृष्टि से कितना काम कर रही है ये आप सभी जानते ही हैं। कमलनाथ ने जनहितैषी योजनाएं रोक दी थी अब आप नवंबर में कमलनाथ जी को रोक कर उन्हें घर पर बिठा दीजिए।

किया रोड शो

सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ की बहन प्रमिला साधौ ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खरगोन पहुंचने पर रोड शो किया। खुली जीप में जेपी नड्डा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मौजूद थे। वे यहां सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा से सभास्थल तक रोड शो करके पहुंचे। रोड शो में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.