Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 23 फरवरी को कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) ने वर्तमान सरकार के लिए सरकारी खजाना खाली छोड़ा है। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए महिलाओं के लिए 2500 प्रतिमाह की योजना को लागू कराएगी।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आज प्रदेश कार्यालय में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई। इस बैठक में आगामी विधानसभा सत्र और अपने-अपने क्षेत्र में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई।
खजाना खाली, लेकिन वादे होंगे पूरे
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। एक प्रश्न के उत्तर में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार बनने के बाद से पिछले चार दिनों में लगातार बैठकें हुई हैं। हम विषयों को समझ रहे हैं। अधिकारियों के साथ सरकार ने वित्तीय स्थिति का आकलन किया है। हमने पाया है कि राज्य का राजस्व पूरी तरह से खाली है। इसके बावजूद हम विस्तार से योजना बनायेंगे और शत-प्रतिशत अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करेंगे।
विधानसभा सत्र में सबसे महत्वपूर्ण विषय कैग रिपोर्ट
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में सबसे महत्वपूर्ण विषय कैग की रिपोर्ट का होगा। पिछली सरकार को जनता की मेहनत की कमाई का दुरुपयोग करने के लिए लिए जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्हें (आआपा को) हर एक रुपये का हिसाब जनता को देना होगा। उन्होंने बताया कि कल से दिल्ली का पहला विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है और इसमें दिल्ली की जनता से जुड़े हुए कामों पर ध्यान होगा।
आतिशी के आरोपों का करारा जवाब
आआपा और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी के आरोपों का जवाब देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने पिछले कार्यकालों के दौरान देखा है कि आम आदमी पार्टी ने क्या किया है। उनके काम का क्या तरीका है। उनका क्या विजन है। हमारा ध्यान केवल और केवल दिल्ली की जनता पर है।
23 फरवरी से दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र
प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 23 फरवरी से दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र शुरू होने जा रहा है। विधानसभा सत्र से पूर्व आज भारतीय जनता पार्टी विधायकों की बैठक हुई है। सत्र से पूर्व विधायकों की यह बैठक होती है। हमारी सरकार का केवल एक ही एजेंडा है कि दिल्ली को विश्वस्तरीय बनाना। लोगों के दुख-तकलीफ दूर करना और उनके लिए काम करना। बैठक में जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने को चर्चा हुई है। हमारा काम ही आम आदमी पार्टी के मुंह बंद कर देगा।