‘बांटो और राज करो’ कांग्रेस के डीएनए में: Anurag Thakur

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी प्रधानमंत्री ने देश के अंतिम जन के घर- द्वार तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ले जाने का कार्य किया है।

158

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कांग्रेस (Congress) को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस जब भी हारती है तब ‘बांटो और राज करो’ (divide and rule) की रणनीति अपनाने की कोशिश करती है। शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा (Developed India Sankalp Yatra) के कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे अनुराग ठाकुर ने संवाददाताओं से बातचीत में आईएनडीआई गठबंधन (INDI Alliance) पर कटाक्ष करते हुए कहा, “ये लोग आपस में ही न्याय नहीं कर पा रहे हैं। सीटों के ऊपर तालमेल नहीं बैठ पा रहा है। उनके अधिकतर नेता गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप में या तो बेल पर हैं या तो जेल में हैं। ये क्या न्याय दिलाएंगे ?”

विकास के मुद्दे पर नहीं बोलती कांग्रेस
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी जातीय जनगणना की बात करती है, कभी क्षेत्रवाद की बात करती है लेकिन कभी भी विकास के मुद्दे पर नहीं बोलती। देश को आगे बढ़ाने वाली चर्चा से कांग्रेस सदैव दूर भागती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के चुनाव में आकांक्षी जिलों में भारतीय जनता पार्टी (B J P) का शानदार प्रदर्शन यह दर्शाता है कि लोग विकास को वोट देते हैं। कांग्रेस ने वर्षों तक लोगों के साथ अन्याय किया। उन्हें गरीबी में धकेला, आगे नहीं आने दिया। उसके मुकाबले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 13.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को मात्र 5 वर्षों में गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है।

देश के कोने-कोने तक पहुंच रही सरकारी योजनाएं
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी प्रधानमंत्री ने देश के अंतिम जन के घर- द्वार तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ले जाने का कार्य किया है। अभी तक विभिन्न राज्यों में लाखों लोगों को इस यात्रा के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल चुका है। इससे लगातार जागरूकता बढ़ रही है और लोगों को लाभ मिल रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस यात्रा से देश के कोने-कोने में लोगों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है। जो लोग वंचित रह गए थे, वे सभी अपने फॉर्म भरे जा रहे हैं, जिससे उन्हें अनेक योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य देश के समक्ष रखा है, जिसमें हर भारतवासी पूरे मनोयोग से अपना योगदान सुनिश्चित कर रहा है। हम 2047 से पहले भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएंगे। मोदी की गारंटी की गाड़ी 2 लाख 69 हजार पंचायतों में जाकर लोगों को भारत सरकार की योजनाओं की जानकारी और लाभ सुनिश्चित कर रही हैं। ये यात्रा विश्वास और संकल्प कराएगी कि विकसित भारत बनाने में प्रत्येक भारतवासी का योगदान होगा। युवा, किसान, महिला, गरीब, उद्यमी, प्रत्येक वर्ग मिलकर विकसित भारत बनाएगा। ये नया भारत है जो ना रुकेगा ना थमेगा। (हि.स.)

यह भी पढ़ें – मुख्यधारा की राजनीति में आतंकी गुट, Pakistan के लिए नई बात नहीं: विदेश मंत्रालय

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.