गुलाब चंद कटारिया बने असम के नए राज्यपाल! जानिये, कैसा रहा है उनका राजनीतिक सफर

गुलाबचंद कटारिया को राज्यपाल नियुक्त करने पर उदयपुर सहित प्रदेश भर में उनके प्रशंसकों और भाजपा नेताओं ने खुशी जताई है।

153

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को असम का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश में अन्य 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राज्यपाल, उपराज्यपाल बदले गए हैं।

वरिष्ठ नेता और विधायक
गुलाबचंद कटारिया राजस्थान भाजपा में सबसे वरिष्ठ नेता और विधायक हैं। वे नौ बार विधायक और एक बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। कटारिया का जन्म उदयपुर में 13 अक्टूबर, 1944 को हुआ था। उनके परिवार में पांच पुत्रियां और पत्नी हैं। कटारिया 1977 में पहली बार विधायक चुने गए। 1980 से 1985, 1993 से 1998, 1998 से 2003, 2008 से 2013, 2013 से 2018 और 2018 से अभी तक विधायक हैं। इसके अलावा 1989 से 1993 तक उदयपुर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं।

वसुंधरा सरकार में गृहमंत्री
कटारिया दो बार नेता प्रतिपक्ष रहे हैं और दो बार वसुंधरा सरकार में गृहमंत्री भी रहे हैं। 2009 से 2013 तक भी गुलाबचंद कटारिया नेता प्रतिपक्ष रहे हैं और 2018 से अभी तक नेता प्रतिपक्ष के पद पर हैं। वो संगठन में भी विभिन्न पदों पर रहे हैं। कटारिया ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता युवा मोर्चा से की थी । कटारिया 1977 से 1980 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष चुके हैं। 1980 से 1985 तक राजस्थान भाजपा के सचिव, 1986 से 1993 तक राजस्थान भाजपा के महासचिव और 1999 से 2000 तक प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

प्रशंसकों ने दी बधाई
गुलाबचंद कटारिया को राज्यपाल नियुक्त करने पर उदयपुर सहित प्रदेश भर में उनके प्रशंसकों और भाजपा नेताओं ने खुशी जताई है। कटारिया आरएसएस के स्वयंसेवक रहे, फिर जनसंघ में आए। कटारिया ने प्राइवेट स्कूल में शिक्षक से अपने करियर की शुरुआत की थी। स्कूल में पढ़ाने के दौरान ही संघ से जुड़ गए। आदिवासी क्षेत्रों में काम किया । स्कूल में शिक्षक रहने के दौरान 1975 में इमरजेंसी लगी तो कई दिन अंउरग्राउंड रहकर काम किया। इमरजेंसी में जेल भी गए। कटारिया पहली बार छठीं विधानसभा में विधायक बने। कटारिया के राज्यपाल बनने के बाद अब राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष का पद खाली हो गया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.