Gujarat Lok Sabha Elections: भाजपा ने इन 4 सीटों पर 5 लाख से अधिक मतों के अंतर से दर्ज की जीत

गुजरात में भाजपा 26 में से 4 सीट पर 5 लाख मत से अधिक मतों से जीतने में सफल हुई है। इनमें सबसे अधिक लीड नवसारी सीट पर प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटील की रही।

531

Gujarat Lok Sabha Elections: गुजरात की 26 लोकसभा सीटों में से भाजपा को 25 सीट पर जीत मिली है। इसमें एक सूरत लोकसभा सीट पर वह निर्विरोध जीत हासिल करने में सफल हुई थी। गुजरात में कांग्रेस को 1 सीट बनासकांठा के रूप में मिली है। इसके साथ भाजपा की जीत की हैट्रिक होते-होते रह गई। पिछले दो लोकसभा चुनाव में भाजपा गुजरात से सभी 26 की 26 सीट पर जीत दर्ज कर रही थी। चुनाव अभियान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने गुजरात की सभी 26 सीटों को 5 लाख मतों से अधिक मार्जिन से जीताने का आह्वान किया था, जिसके लिए राज्य भर में अभियान चलाया गया। वहीं गांधीनगर की सीट को 10 लाख मतों के मार्जिन से जीताने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को कमर कसने को कहा गया था।

गुजरात में भाजपा 26 में से 4 सीट पर 5 लाख मत से अधिक मतों से जीतने में सफल हुई है। इनमें सबसे अधिक लीड नवसारी सीट पर प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटील की रही। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार नैषध देसाई को 7,73,551 मतों से हराया। पाटिल को कुल मतों के 77.05 फीसदी मत मिले हैं। जबकि नैषध देसाई को महज 19.24 फीसदी मत मिले। गांधीनगर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दूसरी बड़ी लीड से जीतने में सफल रहे। उन्होंने कांग्रेस की सोनलबेन पटेल को 7,44,716 मतों के मार्जिन से हराया। अमित शाह को कुल मतों का 76.48 फीसदी मत प्राप्त हुए। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 20.14 फीसदी ही मत मिले। तीसरे नंबर पर वडोदरा सीट पर भाजपा के डॉ हेमांग जोशी ने कांग्रेस के जसपालसिंह पढियार (बापू) को 5,82,126 मतों से हराया। जोशी को कुल मतों का 72 फीसदी मत हासिल हुए। कांग्रेस को 24 फीसदी मत मिले। पंचमहाल में भाजपा के राजपालसिंह जाधव ने कांग्रेस के गुलाबसिंह चौहाण को 5,09342 मतों के अंतर से हराया। राजपालसिंह जाधव को कुल मतों का 70.22 फीसदी मत मिले। जबकि कांग्रेस के गुलाबसिंह चौहाण को 25.21 फीसदी मत मिले।

3 सीटों पर 4 लाख के अधिक मार्जिन
भाजपा के उम्मीदवार 3 सीटों पर 4 लाख से अधिक और 5 लाख से कम मार्जिन से जीतने में सफल हुए। इनमें भावनगर सीट पर भाजपा की निमुबेन आचार्य 4,55,289 मतों के अंतर से जीती। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उमेश मकवाणा को शिकस्त दी। निमुबेन को कुल मतों का 68.46 फीसदी मत मिले। जबकि उमेश मकवाणा को महज 24.98 फीसदी मत हासिल हुए। राजकोट में भाजपा के परषोत्तम रूपाला ने कांग्रेस उम्मीदवार परेश धानाणी को 4,84,260 मतों से हराया। रूपाला को 67.37 फीसदी और धानाणी को 29.35 फीसदी मत मिले। अहमदाबाद पूर्व सीट पर भाजपा के हसमुखभाई पटेल ने कांग्रेस के हिम्मतसिंह पटेल को 4,61,755 मतों से हराया। यहां भाजपा उम्मीदवार को कुल मतों का 68.28 फीसदी और कांग्रेस उम्मीदवार को 27.36 फीसदी मत मिले।

6 सीटों पर 4 लाख से कम, 3 लाख से अधिक मार्जिन
भाजपा को गुजरात में 7 सीटों पर 3 लाख से अधिक और 4 लाख से कम मार्जिन मिली। इसमें छोटा उदेपुर, दाहोद, खेडा, अमरेली, पोरबंदर और महेसाणा शामिल हैं। छोटा उदेपुर में भाजपा के जसुभाई राठवा को 7,96,589 मत मिले, वहीं कांग्रेस के सुखराम राठवा को 397812 मत मिले। जसुभाई कुल 3,98,777 मतों के अंतर से जीत गए। भाजपा को यहां कुल मतों का 62.84 फीसदी और कांग्रेस के सुखराम राठवा को 31.38 फीसदी मत मिले। दाहोद में भाजपा के जसवंत सिंह भाभोर कांग्रेस की डॉ प्रभाबेन तवियाड को 3,33,677 मतों से हराने में सफल हुए। जसवंत सिंह भाभोर को कुल मतों का 61.59 फीसदी और कांग्रेस की प्रभाबेन को 31.75 फीसदी मत हासिल हुए। खेड़ा में भाजपा के देवुसिंह चौहाण ने कांग्रेस उम्मीदवार कालुसिंह डाभी को 3,57,758 मतों से हराया। देवुसिंह को कुल मतों का 63.31 फीसदी और कालुसिंह डाभी को 32.88 फीसदी मत मिले। अमरेली में भाजपा के भरतभाई सुतरिया ने कांग्रेस की जेनीबेन ठुम्मर को 3,21,068 मतों से हराया। भरतभाई को कुल मतों का 66.28 फीसदी और जेनीबेन ठुम्मर को कुल मतों का 29.64 फीसदी मत मिले। पोरबंदर में भाजपा के डॉ मनसुख मांडविया ने कांग्रेस के ललित वसोया को 3,83,360 मतों से हराया। मांडविया को कुल मतों का 68.15 फीसदी और वसोया को 26.89 फीसदी मत मिले। मेहसाणा में भाजपा के हरिभाई पटेल ने कांग्रेस के रामजी ठाकोर को 3,28,046 मतों से हराया। हरिभाई को कुल मतों का 63.74 फीसदी और कांग्रेस के रामजी ठाकोर को कुल मतों का 33.28 फीसदी मत मिले।

2 से 3 लाख के बीच की मार्जिन वाली 6 सीट
कच्छ में भाजपा के विनोद चावड़ा ने कांग्रेस के नितेश ललन (मतंग) को 2,68,782 मतों के अंतर से हराया। विनोद चावडा को कुल मतों के 60.23 फीसदी मत मिले, कांग्रेस को 35.68 फीसदी मत मिले। अहमदाबाद पश्चिम में भाजपा के दिनेश मकवाणा ने कांग्रेस के भरत मकवाणा को 2,86,437 मतों से हराया। दिनेश मकवाणा को 63.28 फीसदी और भरत मकवाणा को 33.65 फीसदी मत मिले हैं। जामनगर में भाजपा की पूनम माडम ने कांग्रेस के जे पी मारविया को 2,38,008 मतों से हराया। पूनम माडम को 58.98 फीसदी और कांग्रेस के जे पी मारविया को 36.34 फीसदी मत मिले। बारडोली में भाजपा के प्रभु वसावा ने कांग्रेस के सिद्धार्थ चौधरी को 2,30253 मतों से हराया। प्रभु वसावा को 57.04 फीसदी और सिद्धार्थ चौधरी को 39.85 फीसदी मत मिले। वलसाड में भाजपा के धवल पटेल ने कांग्रेस के अनंत पटेल को 2,10,704 मतों से हराया। धवल पटेल को 7,64,226 (56.13 फीसदी) और अनंत पटेल को 5,53,522 मत (40.66 फीसदी)मिले। सुरेन्द्रनगर में चंदुभाई शिहोरा ने कांग्रेस के ऋत्विक मकवाणा को 2,61,617 मतों से हराया। चंदुभाई को कुल मतों का 59.2 फीसदी और ऋत्विक मकवाणा को 36.07 फीसदी मत मिले।

Lok Sabha Election Results: भाजपा के तीन मुख्यमंत्री भी आजमा रहे थे भाग्य! जानिये, किसकी हुई जीत और किसकी हुई हार

1 से 2 लाख के अंतर वाली 2 सीट
साबरकांठा में भाजपा के शोभाबेन बरैया ने कांग्रेस के तुषार चौधरी को 1,55682 मतों से हराया। शोभाबेन को 53.36 फीसदी और कांग्रेस के तुषार चौधरी को 41.09 फीसदी मत मिले। जूनागढ़ में भाजपा के राजेश चुडास्मा ने कांग्रेस के हीराभाई जोटवा को 1,35,494 मतों से हराया। राजेशभाई को 54.67 फीसदी और हीराभाई को 41.99 फीसदी मत मिले।

3 सीट पर भाजपा को 1 लाख से कम लीड मिली
भाजपा को पाटण, आणंद और भरुच सीट पर एक लाख मत से कम की लीड मिली है। इसमें पाटण में भाजपा के भरतसिंह डाभी ने कांग्रेस के चंदनजी ठाकोर को 31,876 मतों से हराया। भरतसिंह डाभी को 5,91,947 मत और कांग्रेस के चंदनजी ठाकोर को 5,60,071 मत मिले। भरतसिंह को कुल मतों का 49.61 फीसदी और चंदनजी ठाकोर को 46.94 फीसदी मत मिले। आणंद में भाजपा के मितेष पटेल को 6,12,484 मत मिले, कांग्रेस के अमित चावडा को 5,22,545 मत मिले। मितेष पटेल चुनाव में 89,939 मतों के अंतर से जीत गए। अमित चावडा को कुल मतों का 52.44 फीसदी और कांग्रेस के अमित चावडा को 44.74 फीसदी मत मिले। भरुच में भाजपा के मनसुख वसावा ने आम आदमी पार्टी के चैतर वसावा को 85,696 मतों से हराया। मनसुख वसावा को 50.72 फीसदी और चैतर वसावा को 43.58 फीसदी मत मिले।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.