हिंदुत्व त्यागने के आरोप झेल रही शिवसेना के लिए राऊत ने कही ये बात! इम्तियाज को भी किया जलील

शिवसेना सांसद संजय राऊत ने भारतीय जनता पार्टी पर शिवसेना को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पूछा कि भाजपा ने अखंड हिंदुस्तान का दावा किया था, उसका क्या हुआ?

118

शिवसेना प्रवक्ता तथा राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने कहा कि शिवसेना प्रखर हिंदुत्ववादी पक्ष है। उनके साथ धोखा किया गया है। यह धोखा जिसने किया, उसे चिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना को बदनाम करने के लिए जलील प्रकरण की साजिश रची गई थी, जिसे हमने खत्म कर दिया है।

संजय राऊत ने 20 मार्च को पत्रकारों को बताया कि शिवसेना के हिंदुत्व को बदनाम करने के लिए एमआईएम सांसद इम्तियाज जलील ने उनकी पार्टी को महाविकास आघाड़ी सरकार में शामिल होने का प्रोपेगंडा किया था। जलील का यह प्रोपेगंडा एक साजिश के तहत था, जो खत्म कर दिया गया है।

द कश्मीर फाइल्स को लेकर कही ये बात
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर शिवसेना को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने अखंड हिंदुस्तान का दावा किया था, उसका क्या हुआ। फिल्म द कश्मीर फाइल्स पर संजय राऊत ने कहा कि यह एक फिल्म है, जिसे पसंद आएगी, वह देखेगा और अपना मत बनाएगा। लेकिन इस फिल्म का प्रचार जिस तरह से प्रधानमंत्री कर रहे हैं, उससे लगता है कि इस फिल्म के निर्माता को पद्मश्री पुरस्कार मिलेगा।

भाजपा पर साधा निशाना
शिवसेना सांसद ने कहा कि इस फिल्म को पुरस्कार दिया जा सकता है। लेकिन इस फिल्म में जो दिखाया गया है, वह सच नहीं है। फिल्म के माध्यम से भाजपा अपना प्रचार कर रही है। कश्मीर में विस्थापित पंडितों की कब घर वापसी होगी? भाजपा ने पीओके को भारत में लाने का वादा किया था, उसका क्या हुआ। अनुच्छेद 370 खत्म करने के बाद कश्मीर में बेरोजगारी खत्म क्यों नहीं हुई। संजय राऊत ने कहा कि कश्मीर में सिर्फ हिंदू ही नहीं मरे हैं, सिख, मुस्लिम यहां तक पुलिस के जवान भी मारे गए। कई जगह देशभक्त मुस्लिमों ने हिंदुओं की जान बचाई है, इसे नकारा नहीं जा सकता है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.