महाराष्ट्रः सोमैया के ‘इस’ दावे के बाद शिवसेना नेता यशवंत जाधव की मुश्किलें और बढ़ीं!

आयकर विभाग की टीम ने यशवंत जाधव समेत उनके नजदीकी लोगों के साथ कई ठेकेदारों के यहां रेड किया था। इस रेड में दो करोड़ रुपये नगद और डेढ़ करोड़ रुपये के गहने बरामद किए गए थे।

126

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. किरीट सोमैया ने कहा कि शिवसेना नेता यशवंत जाधव ने पिछले दो साल में मुंबई में 36 बिल्डिंग खरीदी हैं। इनमें घर, दुकान तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। सोमैया ने दावा किया है कि यह सब आयकर विभाग के छापे में सामने आया है और इनमें हजार करोड़ रुपये तक का भ्रष्टाचार हुआ है। सोमैया इसकी शिकायत संबंधित केंद्रीय जांच संस्था से करने वाले हैं।

20 मार्च को सोमैया ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई महानगरपालिका के स्थाई समिति के अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने के बाद यशवंत जाधव ने बड़े पैमाने पर पैसे की उगाही की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई के नागरिकों के टैक्स के पैसे को ठेकेदारों के माध्यम से यशवंत जाधव ने लूट की और खुद की संपत्ति बनाई है। इस लूट में उनकी विधायक पत्नी यामिनी जाधव बराबर की शरीक हैं।

गहन जांच की मांग
सोमैया कहा कि आयकर छापे के बाद कंपनी मंत्रालय इसकी जांच कर रहा है लेकिन इस मामले की गहन छानबीन आवश्यक है। इसी वजह से वे दिल्ली जाकर केंद्रीय एजेंसियों से मिलेंगे और मामले की अतिरिक्त जांच की मांग करेंगे। किरीट सोमैया ने कहा कि जब यशवंत जाधव के पास इतनी संपत्ति मिली है तो उनके प्रमुख के पास कितनी संपत्ति होगी।

आयकर विभाग ने मारा था छापा
बता दें कि आयकर विभाग की टीम ने यशवंत जाधव समेत उनके नजदीकी लोगों के साथ कई ठेकेदारों के यहां रेड किया था। इस रेड में दो करोड़ रुपये नगद, डेढ़ करोड़ रुपये के गहने बरामद किए गए थे। आयकर विभाग को जाधव के घर तथा अन्य स्थानों पर से दो बैग भरकर सबूत मिले थे, इसकी जांच जारी है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.