यूपी में डिनर डिप्लमैसी: भतीजे ने नहीं बुलाया तो चाचा ने योगी का खाना खाया

154

शुक्रवार को एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू उत्तर प्रदेश में नेताओं से मिलीं। इसी दिन सायंकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक भोज का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री की इस डिनर डिप्लोमैसी में सपा कैंप के नेता भी शामिल हुए, सभी को आश्चर्य अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल की उपस्थिति पर हुआ। उनसे बात करने पर पता चला कि अखिलेश यादव ने उन्हें विपक्षी उम्मीदवार की बैठक में नहीं बुलाया था, जिसके बाद चाचा शिवपाल सिंह यादव योगी कैंप के भोजन निमंत्रण पर पहुंच गए।

इस भोज में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ प्रजातांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी पहुंचे। इससे यह कयास लगाया जा रहा है कि विपक्ष में फूट पड़ गई है। शिवपाल यादव, रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया समेत कुछ विधायकों का समर्थन द्रोपदी मुर्मू को मिलना लगभग तय है।

ये भी पढ़ें – अब अंग्रेजों का होगा भारतीय मूल का पीएम? इस नेता ने प्रस्तुत किया प्रधानमंत्री बनने का दावा

बसपा करेगी एनडीए उम्मीदवार का समर्थन
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों के अलावा बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती भी द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में समर्थन का ऐलान कर चुकी हैं। इस लिहाज से उत्तर प्रदेश से उन्हें भारतीय जनता पार्टी एनडीए के विधायकों और सांसदों के साथ-साथ बहुजन समाज पार्टी का भी समर्थन मिलेगा।

राजा भैया ने समर्थन का किया एलान
जनसत्ता दल के अध्यक्ष व कुंडा प्रतापगढ़ से विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने पत्रकारों से कहा कि एनडीए द्वारा द्रोपदी मुर्मू को इस परिस्थिति में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाया जाना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का साधुवाद। यही कारण है भारतीय जनता पार्टी या एनडीए के साथ जो दल नहीं हैं, वह भी मुर्मू का समर्थन कर रहे हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.