पीएम मोदी बोले, कृषि मंत्री अर्थव्यवस्था के साथ मानवता का भविष्य भी संवारें

प्रधानमंत्री मोदी ने आज वीडियो संदेश के माध्यम से जी-20 कृषि मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि मानव सभ्यता के केंद्र में है।

209

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि एक कृषि मंत्री की जिम्मेदारियां केवल अर्थव्यवस्था के एक क्षेत्र को संभालने तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि मानवता के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में विस्तारित है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक खाद्य सुरक्षा हासिल करने के लिए मंत्रियों से सामूहिक कार्रवाई करने के तरीकों पर चर्चा करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी आज वीडियो संदेश के माध्यम से जी-20 कृषि मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए अपनी बात रख रहे थे।

कृषि मानव सभ्यता का केंद्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि मानव सभ्यता के केंद्र में है। उन्होंने उल्लेख किया कि एक कृषि मंत्री की जिम्मेदारियां केवल अर्थव्यवस्था के एक क्षेत्र को संभालने तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि मानवता के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में विस्तारित हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि विश्व स्तर पर 2.5 अरब से अधिक लोगों को आजीविका प्रदान करती है। ग्लोबल साउथ में, कृषि सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान देती है और 60 प्रतिशत से अधिक नौकरियां कृषि पर निर्भर हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों की पारंपरिक तौर-तरीके हमें पुनः-पोषित कृषि के विकल्प विकसित करने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। उन्होंने नवाचार और डिजिटल प्रौद्योगिकी के साथ किसानों को सशक्त बनाने और वैश्विक दक्षिण में छोटे और सीमांत किसानों के लिए किफायती समाधान बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कचरे से संपत्ति निर्माण में निवेश करते हुए कृषि और खाद्य अपशिष्ट को कम करने की तत्काल आवश्यकता पर भी बात की।

भारत के किसान अब प्राकृतिक खेती अपना रहे
कृषि क्षेत्र में भारत के योगदान पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत प्राकृतिक खेती के साथ-साथ प्रौद्योगिकी आधारित खेती को भी बढ़ावा दे रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, “पूरे भारत के किसान अब प्राकृतिक खेती अपना रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि वे कृत्रिम उर्वरकों या कीटनाशकों का उपयोग नहीं कर रहे हैं। उनका ध्यान; धरती माता का कायाकल्प करने, मिट्टी के स्वास्थ्य की रक्षा करने, ‘प्रति बूंद, अधिक फसल’ पैदा करने और जैविक उर्वरकों व कीट प्रबंधन समाधानों को बढ़ावा देने पर है। मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह ‘ मिश्रित दृष्टिकोण’ कृषि में कई मुद्दों को हल करने का सबसे अच्छा तरीका है।

वर्ष 2023 अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 को अंतरराष्ट्रीय मोटे अनाज वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और आप हैदराबाद में अपनी भोजन की थाली में इसका प्रतिबिंब पाएंगे। मोदी ने बताया कि ये सुपरफूड न केवल उपभोग करने के लिए स्वस्थ हैं बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद करते हैं क्योंकि फसल को कम पानी और उर्वरक की आवश्यकता होती है।

जी-20 की प्राथमिकताएं 
प्रधानमंत्री ने कहा, “कृषि में भारत की जी-20 प्राथमिकताएं, हमारे ‘एक पृथ्वी’ को स्वस्थ करने, हमारे ‘एक परिवार’ के भीतर सद्भाव पैदा करने और एक उज्ज्वल ‘एक भविष्य’ की आशा देने पर केंद्रित हैं।” उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि दो ठोस परिणामों पर काम चल रहा है – ‘खाद्य सुरक्षा और पोषण पर डेक्कन उच्च-स्तरीय सिद्धांत’, और मोटे अनाज व अन्य अनाजों के लिए ‘महर्षि’ पहल। उन्होंने कहा कि इन दो पहलों के लिए समर्थन समावेशी, टिकाऊ और लचीली कृषि के समर्थन का वक्तव्य है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.