फिर आ गए रानिल विक्रमसिंघे, क्या जीत पाएंगे जनता का विश्वास?

राष्ट्रपति के इस चुनाव में भारत की भूमिका सर्वथा निष्पक्ष रही है। उसने अब तक लगभग चार बिलियन डाॅलर की मदद श्रीलंका को दे दी है और वह अभी भी अपने इस निकट पड़ोसी राष्ट्र को संकट से उबारने के लिए कृतसंकल्प है।

99

श्रीलंका के राष्ट्रपति-चुनाव में रानिल विक्रमसिंघे की विजय पर उनके दोनों प्रतिद्वंदी तो चुप हैं लेकिन उनके विरुद्ध राजधानी कोलंबो में प्रदर्शन होने शुरू हो गए हैं। आमतौर पर गणित यह था कि राजपक्षे-परिवार की सत्तारूढ़ पार्टी के नाराज सदस्य रानिल के विरुद्ध वोट देंगे और संसद किसी अन्य नेता को राष्ट्रपति के पद पर आसीन कर देगी लेकिन रानिल को स्पष्ट बहुमत मिल गया है।

इसका अर्थ यही है कि एक तो सत्तारूढ़ दल में दरार जरूर पड़ी है लेकिन वह इतनी चौड़ी नहीं हुई कि पार्टी-उम्मीदवार उसमें डूब जाए और दूसरा यह कि प्रधानमंत्री रहते हुए रानिल विक्रमसिंघे ने पिछले कुछ हफ्तों में ही भारत और अनेक अंतरराष्ट्रीय संगठनों को इतना प्रेरित कर दिया था कि श्रीलंका को अरबों रुपए की मदद आने लगी थी।

ये भी पढ़ें – विक्रमसिंघे बने श्रीलंका के आठवें राष्ट्रपति, ये हैं चुनौतियां

आसान नहीं है आगे की राह
वैसे भी रानिल छह बार श्रीलंका के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। इतने अनुभवी नेता शायद श्रीलंका को वर्तमान संकट से उबार ले जाएं। इसी विश्वास ने उन्हें जिताया है लेकिन उनका आगे का रास्ता बहुत ही कंटकाकीर्ण है। एक तो श्रीलंका की सारी बागी जनता मानकर चल रही है कि वे राजपक्षे परिवार के भक्त हैं। वे उनके कहे मुताबिक ही काम करेंगे। इसीलिए अब जनता का गुस्सा पहले से भी अधिक तीव्र होगा। जो नेता उनसे हारे हैं, वे जनता को भड़काए बिना नहीं रहेंगे हालांकि उन्होंने अपनी हार को विनम्रतापूर्वक स्वीकार कर लिया है।

कौन बनेगा प्रधानमंत्री?
यह तो बिल्कुल स्पष्ट है कि यदि राष्ट्रपति के चुनाव में श्रीलंका की जनता मतदाता होती तो रनिल विक्रमसिंघ की जमानत जब्त हो जाती। अब देखना यही है कि विक्रमसिंघे श्रीलंका की वर्तमान समस्याओं का हल कैसे निकालते हैं और जनता के क्रोध को कैसे शांत करते हैं। पता नहीं कि वे अब प्रधानमंत्री किसे बनाएंगे? यदि इस वक्त वे किसी विपक्षी नेता, जैसे सजित प्रेमदास को प्रधानमंत्री बना दें तो शायद उन्हें राजनीतिक तूफानों का सामना कम ही करना पड़ेगा। सजित ने राष्ट्रपति के चुनाव से अपना नाम भी वापस ले लिया था। यदि ऐसा हो सके तो श्रीलंका में एक सर्वदलीय और सर्वसमावेशी मंत्रिमंडल बन सकता है, जो कि आम विरोध को भी शांत कर सकेगा और वर्तमान संकट का समाधान भी खोज सकता है।

भारत की निष्पक्ष रही भूमिका
जहां तक भारत का सवाल है, राष्ट्रपति के इस चुनाव में भारत की भूमिका सर्वथा निष्पक्ष रही है। उसने अब तक लगभग चार बिलियन डाॅलर की मदद श्रीलंका को दे दी है और वह अभी भी अपने इस निकट पड़ोसी राष्ट्र को संकट से उबारने के लिए कृतसंकल्प है।

डॉ. वेदप्रताप वैदिक

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और जाने-माने स्तंभकार हैं।)

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.