कौन बनेगा उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री? शाह से मिले पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिये भाजपा नेतृत्व ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

129

उत्तराखंड के कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में सरकार गठन के मुद्दे पर चर्चा की गई।

केंद्रीय गृह मंत्री के संसद भवन स्थित कार्यालय में धामी ने उनसे मुलाकात की। बैठक में शाह और धामी के अलावा भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रकोष्ठ के समंवयक और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें – कब होगा महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव? राज्यपाल ने लौटाया प्रस्ताव, बताए ये कारण

 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने किया शानदार प्रदर्शन
दरअसल, उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 47 सीटों पर जीत हासिल की है। किंतु, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सीट गंवा बैठे। ऐसे में राज्य में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा संगठन में विचार विमर्श जारी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महासचिव बीएल संतोष, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच कई दौर की बैठक की जा चुकी है।

इसी क्रम में शाह के साथ बैठक के लिए धामी आज दोपहर बाद दिल्ली पहुंचे। धामी ने कहा कि वे पार्टी की बैठक में शामिल होने आए हैं। केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के नाम पर निर्णय करेगा और उसका फैसला ही आखिरी होगा।

विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता में धामी की भूमिका कम नहीं
सूत्रों की मानें तो धामी की हार के बावजूद भाजपा में एक धड़ा उनको मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में है। तर्क है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता में धामी की भूमिका भी कम नहीं है। उन्हें बहुत कम समय के लिये मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली। बावजूद, अपनी कार्यशैली से उन्होंने जल्द ही जनता के बीच अपनी जगह बनाने में सफलता हासिल की।

संघ और संगठन में भी धामी के प्रति सकारात्मक रुख रखने वाले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के साथ भी उनके अच्छे ताल्लुकात हैं। ऐसे में धामी को मुख्यमंत्री की कुर्सी दोबारा मिले तो अचरज न होगा। हालांकि, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में धामी के अलावा केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट के नाम की भी चर्चा है। भट्ट भी संघ-संगठन के करीबी बताये जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिये भाजपा नेतृत्व ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.