रॉक और डिस्को म्यूजिक के जनक बप्पी लाहिड़ी का निधन! प्रधानमंत्री के साथ ही अन्य हस्तियों ने भी जताया शोक

देश में डिस्को म्यूजिक से युवाओं को दीवाना बनाने वाले बप्पी दा अपने हाथों और अंगुलियों में भी सोने की अंगूठी और कड़े पहनते थे। बप्पी लाहिड़ी अमेरिकन रॉक स्टार एल्विस प्रेसली के बड़े फैन थे।

107

मशहूर गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी (69) का निधन हो गया। लोगों को डिस्को म्यूजिक के लिए दीवाना बनाने वाले बप्पी लाहिड़ी ने 15 फरवरी की रात 11 बजे जुहू स्थित क्रिटी केयर अस्पताल में आखिरी सांस ली । वे अपनी आवाज के अलावा भारी भरकम सोने के गहने पहनने के कारण अलग पहचान रखते थे। बप्पी दा के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। क्रिटी केयर अस्पताल की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

वे पिछले वर्ष कोरोना संक्रमित हुए थे। तब उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह कोरोना को मात देकर घर लौट आए थे। मगर कुछ दिन पहले कोरोना ने उन्हें फिर गिरफ्त में ले लिया। उनका इलाज क्रिटी केयर अस्पताल में हो रहा था। बप्पी दा ने 1980 से 2000 तक अपने संगीत से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने किशोर कुमार, लता मंगेशकर, आशा भोसले, ऊषा उथुप, सुरेश वाडकर, सुदेश भोसले आदि गायकों और संगीतकारों के साथ काम किया।

अमेरिकन रॉक स्टार एल्विस प्रेसली के बड़े फैन थे बप्पी दा
देश में डिस्को म्यूजिक से युवाओं को दीवाना बनाने वाले बप्पी दा अपने हाथों और अंगुलियों में भी सोने की अंगूठी और कड़े पहनते थे। बप्पी लाहिड़ी अमेरिकन रॉक स्टार एल्विस प्रेसली के बड़े फैन थे। एल्विस अपनी परफॉर्मेंस के दौरान हमेशा सोने की चेन पहना करते थे। एल्विस को देखकर बप्पी दा ने भी सोचा कि जब वो कामयाब होंगे तो अपनी अलग पहचान बनाएंगे। और कामयाब होकर बप्पी दा ने सोना पहना। सोने की इसी दीवानगी से उन्हें इंडिया का गोल्ड मैन तक कहा गया।

रॉक और डिस्को म्यूजिक के जनक बप्पी लाहिड़ी का निधन
बप्पी दा के रॉक और डिस्को म्यूजिक पर आज भी लोग थिरकने को मजबूर हो जाते हैं। वह फिल्म इंडस्ट्री में दो तरह का म्यूजिक कंपोज करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई हिट सॉन्ग गाए। साथ ही कई रिएलिटी शो में बतौर जज शामिल हुए। बप्पी दा ने सत्तर के दशक में सिल्वर स्क्रीन पर उभरे और अस्सी के दशक तक छाए रहे।

गहनों के शौकीन थे बप्पी दा
2014 में बप्पी लाहिड़ी के पास 754 ग्राम सोना, 4.62 किलोग्राम चांदी और 4 लाख रुपए के हीरे थे। हालांकि अब उनकी इस संपत्ति में बदलाव हो गया होगा। बप्पी दा की ही तरह उनकी पत्नी चित्रानी लाहिड़ी भी सोने और हीरों की शौकीन हैं।

मिथुन चक्रवर्ती के करियर को किया लॉन्च
उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती के करियर को लॉन्च किया। बप्पी दा का बचपन से ही म्यूजिक की तरफ रुझान रहा। उन्होंने बचपन में तबला बजाना सीखा। बप्पी दा के गाए गीत- बंबई से आया मेरा दोस्त…, आई एम ए डिस्को डांसर…, जूबी-जूबी…, याद आ रहा है तेरा प्यार…, यार बिना चैन कहां रे…, तम्मा तम्मा लोगे… हमेशा लोगों की जुबां पर रहेंगे।

 प्रधानमंत्री ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रख्यात संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के निधन पर शोक जताया है।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, “बप्पी लाहिड़ी जी का संगीत सर्वांगीण था और विविध भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त करता था। उनका जीवंत स्वभाव सभी को याद रहेगा। उनके निधन से दुखी हूं।”

अमित शाह ने जताया शोक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि महान गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके निधन से भारतीय संगीत की दुनिया में एक बड़ा खालीपन आ गया है। बप्पी दा को उनके बहुमुखी गायन और जीवंत स्वभाव के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

ममता बनर्जी ने जताया शोक
संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट मे लिखा है- महान गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के असामयिक निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। हमारे उत्तर बंगाल का एक लड़का, वह अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर अखिल भारतीय प्रसिद्धि और सफलता तक पहुंचा, और अपने संगीत योगदान से हमें गौरवान्वित किया। हमने उन्हें अपना सर्वोच्च राज्य नागरिक पुरस्कार “बंगविभूषण” प्रदान किया था और हम उनकी प्रतिभा को याद करते रहेंगे। मेरी हार्दिक संवेदना।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.