पाक से आ रही गर्म हवा से राजस्थान के इन जिलों में चढ़ रहा है पारा!

राजस्थान के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से अधिक मापा जा रहा है। आगामी दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

130

जयपुर समेत पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल रहा है। प्रदेश में अब तेज गर्मी का असर देखने को मिल गया है। प्रदेश में उत्तरी हवाओं का असर कम होने और पाकिस्तानी चक्रवाती हवाओं के असर से मौसम बदल रहा है। दिन में धूप तेज होने से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। कई जिलों में तापमान 35 डिग्री से अधिक मापा जा रहा है। आगामी दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक उत्तरी अरब सागर और आस-पास के गुजरात क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवाती (एंटी साइक्लोनिक सरकुलेशन) तंत्र विकसित होने से तापमान में एकाएक बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया है, जो कि औसत से 9.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान औसत से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक मापा जा रहा है। ठंडे पेय पदार्थों के ठेले और दुकानें सजने लगी है।

16 फरवरी को तापमान में वृद्धि
बीते दिन 16 फरवरी को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। यहां कई जिलों का पारा 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा चुका है। ज्यादातर जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर में एक एंटी साइक्लोनिक सिस्टम बना है। इससे मौसम में परिवर्तन का दौर शुरू हो गया है। अगले पांच दिन राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में इजाफा होगा।21-22 फरवरी से मौसम में हालांकि फिर से बदलाव होने के आसार हैं। उत्तरी हवाओं के असर से एक बार फिर तापमान में गिरावट के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी जयपुर में 17 फरवरी को आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

बना रहेगा चक्रवाती तंत्र का असर
मौसम विभाग के अनुसार प्रति चक्रवाती तंत्र का असर अगले तीन से 4 दिन तक बना रहेगा। 21-22 फरवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, जालौर, जैसलमेर और बाड़मेर क्षेत्र में गर्मी बढ़ना शुरू हो रही है। इसके पीछे कारण पाकिस्तान से आने वाली गर्म हवाएं मानी जा रही हैं। पाकिस्तान में कराची तट के पास अरब सागर में एक एंटीसाइक्लोनिक सिस्टम बना है, जिससे हवाओं की दिशा पश्चिम से पूर्व की तरफ हो गई है। बीती रात सबसे अधिक पारा बीकानेर का 18, जयपुर का 15.5, अजमेर का 15.4, कोटा का 16, पिलानी का 16.9, श्रीगंगानगर का 13.5, सीकर का 12 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं बीते दिन गुरुवार को सबसे अधिक पारा बाड़मेर का 38, चित्तौड का 35, बीकानेर का 35.5, उदयपुर का 34, जैसलमेर का 34.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.