21 जून योगा डेः वातावरण निर्माण के लिए इन कार्यक्रमों का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व वातावरण निर्माण के लिये योग के पांच तत्वों पृथ्वी, अग्नि, जल, वायु और आकाश पर केंद्रित गतिविधियां पहली बार जबलपुर में आयोजित की जा रही हैं।

181

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जबलपुर में आयोजित किए जा रहे देश के मुख्य कार्यक्रम के पूर्व चलाई जा रही वातावरण निर्माण की गतिविधियों के तहत शनिवार की शाम मां नर्मदा के पवित्र तट गौरीघाट में आयुर्वेद कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अग्नि तत्व पर केंद्रित योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रतीक चिन्ह भी बनाया गया और दीप जलाकर 21 जून 2023 की आकृति का निर्माण किया गया।

इसके पहले आयुर्वेद महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ही गौरीघाट में मां नर्मदा की जलधारा के बीच जल तत्व पर केंद्रित योग क्रियाओं का अभ्यास किया। जल और अग्नि तत्व पर केंद्रित योग क्रियाओं के प्रदर्शन में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के 33 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मां नर्मदा के दर्शन करने आए श्रृद्धालु मौजूद थे।

पांच तत्वों पृथ्वी, अग्नि, जल, वायु और आकाश पर केंद्रित गतिविधियों का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व वातावरण निर्माण के लिये योग के पांच तत्वों पृथ्वी, अग्नि, जल, वायु और आकाश पर केंद्रित गतिविधियां पहली बार जबलपुर में आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन एवं नगर निगम आयुक्त स्वप्निल वानखड़े के मार्गदर्शन में चलाई जा रही वातावरण निर्माण की इन गतिविधियों में 16 जून को डुमना नेचर पार्क में पृथ्वी तत्व पर केन्द्रित योग क्रियाओं का अभ्यास किया गया था, जबकि 17 जून की शाम को जल और अग्नि तत्व पर योग क्रियाओं का प्रदर्शन हुआ।

इसी क्रम में रविवार 18 जून को मदन महल पहाडि़यों पर बेलेंसिंग रॉक के समीप आकाश तत्व पर केन्द्रित योग की क्रियाएं प्रदर्शित की जाएंगी तथा नीले कपड़े एवं गुब्बारों से 21 जून की आकृति का निर्माण किया जायेगा। वातावरण निर्माण की इस गतिविधि का आयोजन स्मार्ट सिटी द्वारा किया जायेगा।

योग दिवस के वातावरण निर्माण की गतिविधियों में उत्साह
वहीं, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये जगह-जगह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर योग दिवस के वातावरण निर्माण की गतिविधियां की जा रही है। योगाभ्यास कार्यक्रम में बच्चे, युवा व प्रबुद्धजन उत्साह से भाग लेकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक, भव्य व यादगार बनाने का संकल्प ले रहे हैं।

दरअसल, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम संस्कारधानी जबलपुर में होना नियत किया गया है, जिसमें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल होंगे। योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम गैरीसन ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां 15 हजार योगाभ्यासी एक साथ सुबह 6 बजे से भाग लेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण 80 देशों में किया जायेगा।

गोधरा कांड की परिणति में हुए दंगों में 35 को मिला न्याय, 21 वर्ष बाद आया ये फैसला

इन स्थानों पर भी योग पर आधारित कार्यक्रम
मुख्य कार्यक्रम के अलावा नगर निगम के 50 जगहों तथा ऐतिहासिक व पर्यटन स्थल मदन महल, भेड़ाघाट, ग्वारीघाट, रानीताल, आईजी ग्राउंड आदि स्थानों पर योग का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके साथ साथ महाविद्यालयों के मैदानों पर भी योग क्रियाऐं सुनिश्चित की जाएगी। स्पेशल ग्रुप्स के लिये भी योग का कार्यक्रम होगा। जिसमें दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, कैंसर व थैलेसीमिया के लोग होंगे। इसके साथ आर्मी व होमगार्ड के जवानों को भी शामिल करने की कार्ययोजना है। इस प्रकार सम्पूर्ण योग कार्यक्रम में डेढ़ लाख लोगों को शामिल किया जायेगा। योग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन की भेंट वार्ता का प्रसारण 18 जून की सुबह 7.20 से 8 बजे के बीच आकाशवाणी जबलपुर से किया जायेगा।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.