Road accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में 18 फरवरी की सुबह तेज रफ्तार डंपर ने पिकअप लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहा है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने सड़क पर जमा लगा दिया है। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद है।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी अनुसार हादसा नेशनल हाईवे क्रमांक 719 पर 18 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे हुआ। जवाहरपुरा निवासी राकेश जाटव के बेटे की शादी 17 फरवरी काे थी। शादी में उनके ससुराल पक्ष के लाेग सुबह पांच बजे लोडिंग वाहन में घर भवानीपुरा जाने के लिए बैठ रहे थे। उनको छोड़ने आए लोग भी वहीं खड़े थे। तभी इटावा की तरफ से डंपर तेजी से आया और लोडिंग वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडिंग वाहन 50 मीटर दूर तक घिसटता हुआ चला गया। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ा। एक महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। मृतकाें में दंपत्ति भी शामिल है। हादसे में करीब 20 लाेग घायल हुए है। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर मौके से भाग निकला।
हादसे में इनकी गई जान
अरुण (22) पुत्र कौशल जाटव
गुड्डी (45) पत्नी कौशल जाटव
प्रद्युम्न (25) पुत्र काशीराम जाटव
हेमलता (20) पत्नी प्रद्युम्न जाटव
राजकुमारी पुत्री महिपाल जाटव
ग्रामीणाें ने लगाया जाम
हादसे के बाद आक्राेशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। हाईवे को सिक्सलेन बनाने की मांग करते हुए कलेक्टर, एसपी और सांसद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। जानकारी लगते ही कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, एसपी असित यादव, एसडीएम अखिलेश शर्मा, डीएसपी दीपक तोमर वहां पहुंचे और लोगों से बातचीत की। उनकी मांग ऊपर पहुंचाने का भरोसा दिलाया। करीब 4 घंटे बाद जाम खुल सका। इस दौरान व्यवस्था संभालने के लिए चार थानों का पुलिस बल बुलाया गया था। इससे पहले कलेक्टर श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले। वहां मौजूद परिजन से बात की।