दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश तो राजस्थान में भरा पानी! जानिये, बाकी प्रदेशों में मौसम का हाल

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 जून की सुबह पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे।

145

चक्रवात बिपरजॉय का कहर भले ही गुजरात में थम चुका है, पर इसकी तूफानी चाल से राजस्थान हिल गया है। बरसात और बाढ़ ने नाक में दम कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनएसीआर के कुछ हिस्सों में ’19 जून’ झूम कर आया है। सुबह ठंडी हवा के झोंको से गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली। सात बजते-बजते पानी बरसना शुरू हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्व में जारी पूर्वानुमान लगभग सटीक निकला है। विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों का कहना है कि देश के कई राज्यों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। चार-पांच दिन में देश के लगभग सभी राज्यों में मानसून दस्तक देगा। विभाग ने छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और विदर्भ को जरूर आगाह किया है। विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में तीन दिन अभी गर्म रहेंगे। लू चलेगी। 23 जून से देश के ज्यादातर हिस्सों में बरसात शुरू हो जाएगा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 जून की सुबह पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं बूंदाबांदी, तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। राजस्थान व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा का अनुमान है। विभाग ने असम के कई जिलों में अगले पांच दिन तक भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तराखंड में आज भारी वर्षा और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

अन्य राज्यों का हाल
इस बीच तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कल रात भारी बारिश हुई है। मीनांबक्कम में 18 जून सुबह 8.30 बजे से 19 जून सुबह 5.30 बजे तक 137.6 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। विभिन्न स्थानों पर ब्रह्मपुत्र सहित कई अन्य नदियां चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरणके अनुसार, शनिवार तक राज्य के 10 जिलों में 37,535 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गुवाहाटी में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। राज्य में कई जगह तटबंध क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

फिल्म आदिपुरुष का का बढ़ा विरोध, अब करणी सेना ने दी ये धमकी

इन जिलों में रेड अलर्ट
गुवाहाटी में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने विशेष बुलेटिन में 19 जून के लिए कोकराझार, चिरांग, बक्सा, बारपेटा और बोंगाईगांव जिलों में भारी (24 घंटे में 7-11 सेंटीमीटर) से बहुत भारी (24 घंटे में 11-20 सेंटीमीटर) और अत्यधिक भारी बारिश (24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक) की भविष्यवाणी के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। धुबरी, कामरूप, कामरूप महानगर, नलबाड़ी, दीमा हसाओ, कछार, गोलपारा और करीमगंज जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.