Mumbai: 12 मार्च को रमजान के पवित्र महीने के दौरान दक्षिण मुंबई की एक मस्जिद में मौलवी द्वारा यौन उत्पीड़न की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। इलाके में गुस्सा तब फैल गया, जब 80 वर्षीय मौलवी ने कुरान सीखने मस्जिद आए एक नाबालिग लड़के पर एक बार नहीं बल्कि दो बार उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। इस मामले में 80 वर्षीय मौलवी के खिलाफ संबंधित थाने में पोक्सो एक्ट और यौन उत्पीड़न के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मस्जिद में कुरान सीखने जाता था लड़का
दक्षिण मुंबई में रहने वाला एक 14 वर्षीय लड़का पिछले कुछ हफ्तों से उसी इलाके में स्थित एक मस्जिद में कुरान सीखने जा रहा था, क्योंकि रमजान का महीना शुरू हो रहा था। इसी मस्जिद में 80 वर्षीय मौलवी कुरान शरीफ की तिलावत कर रहे थे। 26 फरवरी को मौलवी ने मस्जिद में कुरान सीखने आए उस लड़के के साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया।
लड़के के परिजनों ने पुलिस मे दर्ज कराया मामला
मौलवी ने 6 मार्च को दूसरी बार भी यही हरकत करने की कोशिश की। जब परिवार वालों ने उससे घटना के बारे में पूछा तो उसने मस्जिद में हुई घटना के बारे में बताया। लड़के के परिवार ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने 80 वर्षीय मौलवी के खिलाफ यौन उत्पीड़न और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मौलवी की उम्र को ध्यान में रखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त की विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।